May a good source be with you.

सीबीआई में राड़: विपक्ष के निशाने पर मोदी सरकार , ममता बनर्जी ने कहा- अब सीबीआई बन गई है बीबीआई

राहुल गांधी ने कहा है कि राफ़ेल विमान सौदे की जांच को रोकने के लिए सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा को हटाया गया है।

सीबीआई में चल रहे रार में हस्तक्षेप करते हुए केंद्र सरकार ने सीबीआई के निदेशक आलोक वर्मा और विशेष निदेशक राकेश अस्थाना को लंबी छुट्टी पर भेज दिया है। आलोक वर्मा के स्थान पर एम नागेश्वर राव को अंतरिम निदेशक का कार्यभार सौंपा गया है। सरकार के इस फ़ैसले के तुरंत बाद से ही विपक्षी पार्टियों ने सरकार पर हमला बोलना शुरू कर दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि आलोक वर्मा ने राफ़ेल विमान सौदे से जुड़ी फ़ाइलें सरकार से मांगी थी, जिसके कारण सरकार ने उन्हें हटा दिया है।
कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है, ‘पीएम मोदी एक आपराधिक मामले की जांच के बीच में हस्तक्षेप नहीं कर सकते हैं।’

पश्मिल बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर कहा, ‘सीबीआई अब बीबीआई (बीजेपी ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन) हो गई है।’ ममता बनर्जी ने इसे सरकार का एक दुर्भाग्यपूर्ण कदम बताया।

सीपीआई (एम) के नेता सीताराम येचुरी ने कहा, ‘मोदी सरकार ने अपने पसंदीदा अधिकारी को बचाने के लिए सीबीआई चीफ को अवैध रूप से हटा दिया है।’ उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को सरकारी तोता बनने से रोकने के लिए दो साल का कार्यकाल दिया था। लेकिन, मोदी सरकार ने आनन फ़ानन में आकर यह फ़ैसला ले लिया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री पर तंज करते हुए सवालिया अंदाज में लिखा ‘क्या राफ़ेल विमान के सौदे का आलोक वर्मा के हटाए जाने से कोई संबंध है? क्या आलोक वर्मा राफ़ेल सौदे की जांच करने वाले थे, जो मोदी जी के लिए एक समस्या खड़ी कर सकती थी।’

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+