सीबीआई में राड़: विशेष निदेशक राकेश अस्थाना के ख़िलाफ़ जांच करने वाले अधिकारी का अंडमान निकोबार में तबादला
सरकार ने सीबीआई के दो शीर्ष अधिकारियों को छुट्टी पर भेज दिया है।
सीबीआई में अदरूनी जंग जारी है। सरकार ने सीबीआई के दो शीर्ष अधिकारियों को छुट्टी पर भेज दिया है। बुधवार सुबह से सीबीआई के संयुक्त निदेशक श्री एम नागेश्वर राय को तत्काल प्रभाव से सीबीआई का निदेशक नियुक्त किया है। इसके साथ ही सीबीआई में नंबर दो के अधिकारी राकेश अस्थाना के ख़िलाफ़ जांच कर रहे सीबीआई के डिप्टी एसपी ए के बस्सी का अंडमान निकोबार में ट्रांसफर कर दिया है।
द वायर की ख़बर के मुताबिक ए के बस्सी का तबादला कर अंडमान निकोबार में सीबीआई का डिप्टी एसपी बनाया गया है। सरकार ने उन्हें जल्द से जल्द प्रभार संभालने का निर्देश दिया है।
ग़ौरतलब है कि राकेश आस्थाना पर मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में मीट कारोबारी मोइन कुरैशी को क्लीन चीट देने के लिए कथित तौर पर घूस लेने का आरोप लगा है। इसके बाद सीबीआई ने अपने ही विशेष निदेशक राकेश अस्थाना के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज़ कराई है। सीबीआई ने अपने ही दफ्तर में छापा मारकर डीएसपी देवेंद्र कुमार को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
इधर दिल्ली उच्च न्यायालय ने 29 अक्टूबर तक अस्थाना के ख़िलाफ़ कोई भी कार्रवाई नहीं करने का आदेश दिया है।