गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला के बेटे महेंद्रसिंह वाघेला ने छोड़ा भाजपा का साथ
महेंद्रसिंह वाघेला चार महीने पहले ही भाजपा में शामिल हुए थे।
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला के पुत्र महेंद्रसिंह वाघेला ने भारतीय जनता पार्टी का दामन छोड़ दिया है। चार महीने पहले ही वे भाजपा में शामिल हुए थे। वाघेला ने कहा है कि उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से पार्टी छोड़ी है।
ग़ौरतलब है कि बयाद के पूर्व कांग्रेस विधायक महेंद्रसिंह वाघेला 2017 में गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का साथ छोड़ा था। इसी समय उनके पिता शंकर सिंह वाघेला ने भी कांग्रेस छोड़ दिया था। इसके बाद महेंद्र वाघेला ने एक स्वतंत्र मोर्चे का गठन किया था।
उनकी यह पार्टी गुजरात के विधानसभा चुनाव में राज्य में चुनाव भी लड़ी थी, लेकिन यहां उसकी बुरी हार हुई और पार्टी के एक भी उम्मीदवार नहीं जीत सके। इसके बाद महेंद्र सिंह ने भाजपा का दामन थाम लिया था। हालांकि शंकर सिंह वाघेला ने उन्हें भाजपा में शामिल होने से रोका था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें यह रास्ता चुना था। नेशनल हेराल्ड के मुताबिक उन्होंने व्यक्तिगत कारणों को इस्तीफ़े की वज़ह बताया है।