#Metoo: भाजपा नेता का शर्मनाक बयान- महिला पत्रकारों को नहीं मानती इतनी मासूम की कोई फ़ायदा उठा ले
विदेश राज्यमंत्री और पूर्व संपादक एम जे अकबर पर उनकी पूर्व सहकर्मियों सहित क़रीब 10 महिलाओं ने यौन शोषण और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
इन दिनों मीटू कैंपेन के तहत देश की महिलाएं अपने साथ हुए यौन शोषण की घटनाओं को सोशल मीडिया पर लिख रही हैं। इसमें सिनेमा, साहित्य से लेकर पत्रकारिता जगत के कई नामचीन हस्तियों के नाम सामने आ चुके हैं। हाल ही में विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर पर भी 10 महिलाओं ने यौन शोषण का आरोप लगाया था।
ऐसे समय में महिलाओं के साथ खड़े होने की बजाय भाजपा के कई नेताओं ने अपनी कन्नी काट ली है और आए दिन ग़ैर जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं। द वायर की ख़बर के मुताबिक मध्यप्रदेश भाजपा के महिला विंग की अध्यक्ष लता केलकर ने एमजे अकबर पर लगे यौन शोषण के आरोपों को ख़ारिज़ कर दिया। उन्होंने कहा, ” एमजे अकबर पूर्व में पत्रकार थे और जितना मैंने अख़बारों में पढ़ा है, जिन महिलाओं ने उन पर आरोप लगाए हैं वो सब भी पत्रकार हैं। तो पत्रकार बहनों को मैं इनोसेंट (मासूम) महिला नहीं मानती कि जिनका कोई ग़लत फ़ायदा उठा ले।”
#WATCH: I welcome this #MeToo campaign but I don't consider women journalists to be so innocent that anyone can misuse them, says Lata Kelkar, Chief of Madhya Pradesh BJP women wing on MJ Akbar. (11.10.18) pic.twitter.com/4gM5shTkg3
— ANI (@ANI) October 12, 2018
ग़ौरतलब है कि विदेश राज्य मंत्री पर लगे यौन शोषण के संगीन आरोपों पर सरकार की तरफ़ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। बीते मंगलवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी इस मुद्दे पर पत्रकारों के सवालों का कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा था, “जिनके ऊपर ये आरोप हैं, वे बेहतर तरीके से इस बारे में बता सकेंगे।”
विदेश राज्यमंत्री और पूर्व संपादक एम जे अकबर पर उनकी पूर्व सहकर्मियों सहित क़रीब 10 महिलाओं ने यौन शोषण और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।