राहुल गांधी ने #MeToo को दिया समर्थन, कहा – सच्चाई को उजागर कर रही हैं महिलाएं
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि हमें महिलाओं के साथ अपने व्यवहार पर फिर से विचार करने की जरूरत है
महिलाओं के यौन शोषण की घटनाओं को उजागर करने वाली मी टू अभियान पर जहां एक ओर मोदी सरकार ने चुप्पी साध रखी है, वही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इसे एक जरूरी अभियान बताया है। उन्होंने कहा है कि महिलाओं के इस अभियान से उन्हें बहुत खुशी हो रही है और इस समय हमें महिलाओं के साथ अपने व्यवहार पर फिर से विचार करने की जरूरत है।
अपने एक ट्वीट में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं के साथ सम्मान से पेश आने के तरीके सीखने के लिए यह जरूरी समय है। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए सच्चाई को बेबाकी से कहने की जरूरत है और मीटू कैंपेन के तहत देश की महिलाएं इसी सच्चाई को उजागर कर रही हैं।
It’s about time everyone learns to treat women with respect and dignity.
I’m glad the space for those who don’t, is closing. The truth needs to be told loud and clear in order to bring about change. #MeToo
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 12, 2018
ग़ौरतलब है कि देशभर की महिलाएं अपने साथ यौन शोषण की घटनाओं को सोशल मीडिया पर साझा कर रही हैं। इसमें सिनेमा, साहित्य से लेकर पत्रकारिता जगत की महिलाओं ने भी खुलकर अपनी बातें रखी हैं।
हाल ही में विदेश राज्य मंत्री और कई संस्थानों में संपादक रह चुके पूर्व पत्रकार एम जे अक़बर पर भी कई महिला पत्रकारों ने यौन शोषण के संगीन आरोप लगाए हैं। मी टू कैंपेन पर राहुल गांधी का बयान सामने आने के बाद माना जा रहा है कि विपक्ष अब सरकार को एमजे अक़बर के मुद्दे पर घेरने की तैयारी में है।