मोदी राज में देश की अर्थव्यवस्था डांवाडोल, रुपया एक बार फिर डॉलर के मुक़ाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर
24 पैसे टूट कर रुपया पहुंचा 74.45 प्रति डॉलर के आंकड़े पर
गुरुवार को डॉलर के मुक़ाबले रुपया 24 पैसे टूटकर एक बार फिर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है। डॉलर के मुक़ाबले रुपया 74.37 पर खुला और जल्द ही लुढ़ककर 74.45 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में रुपया 24 पैसे गिर गया है।
द वायर की रिपोर्ट के मुताबिक़ विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि आयातकों की तरफ से डॉलर की मांग बढ़ने, राजकोषीय घाटा बढ़ने का डर और पूँजी का बाहर जाना इसका कारण है। इससे पहले बुधवार को रुपया 18 पैसे गिरकर डॉलर के मुक़ाबले 74.21 के स्तर पर बंद हुआ था।
ग़ौरतलब है कि शेयर बाज़ार के कारोबार में भी इस बीच भारी गिरावट देखी गई। सेंसेक्स 1,030 अंक गिरकर 34,000 अंक के स्तर से नीचे चला गया। ब्रोकरों का कहना है कि अमेरिकी शेयर बाजारों में भारी उथल-पुथल के बाद वैश्विक स्तर पर बिकवाली का दौर चला जिसका असर घरेलू शेयर बाज़ार भी में देखा जा रहा है।
मुंबई शेयर बाज़ार के 30 कंपनियों के शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 1,030.40 अंक यानी 2.95 प्रतिशत गिरकर 33,730.49 अंक पर खुला। बधुवार को इसमें 461.42 अंक की तेज़ी देखी गई थी। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज निफ्टी 281.70 अंक 10,178.70 अंक नीचे चला गया।