राफ़ेल सौदा: बेंगलुरु में एचएएल के कर्मचारियों से मिलेंगे राहुल गांधी, गड़बड़ियों का पता लगाने की करेंगे कोशिश
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडूराव ने ट्वीट कर बताया कि राहुल गांधी शनिवार 13 अक्टूबर को बेंगलुरू में एचएएल कर्मचारियों से बातचीत करने आ सकते हैं।
राफ़ेल सौदे में गड़बड़ी का पता लगाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के कर्मचारियों से मुलाकात करेंगे। सत्याग्रह की रिपोर्ट के मुताबिक इस सप्ताह अपने बेंगलुरु दौरे में राहुल गांधी एचएएल के कर्मचारियों से मिलेंगे।
ज्ञात हो कि फ्रांस से राफेल विमानों की खरीद का समझौता कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के समय हुआ था। उस समय एचएएल के साथ मिलकर दसॉल्ट को राफ़ेल विमान बनाने की बात हुई थी। लेकिन, मोदी सरकार के आने के बाद पुराना समझौता रद्द कर दिया गया और नये समझौते के रूप में उद्योगपति अनिल अंबानी की रिलायंस डिफेंस को भारत में दसॉल्ट का साझेदार बनाया गया है। जिसे लेकर कांग्रेस मोदी सरकार पर निशाना साध रही है।
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडूराव ने ट्वीट कर बताया कि राहुल गांधी शनिवार 13 अक्टूबर को बेंगलुरू में एचएएल कर्मचारियों से बातचीत करने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि एचएएल कर्मचारियों से बातचीत करने के अलावा राहुल बेंगलुरू में पार्टी की एक रैली को भी संबोधित करेंगे।