#Metoo कैंपेन: मशहूर लेखक सुहेल सेठ पर लगा यौन शोषण का आरोप
सुहेल ने अनिशा को उनके कमरे में शराब पीने का ऑफर दिया था और मैसेज के आखिर में किस का प्रस्ताव भेजा था।
#MeToo कैंपेन के तहत देशभर में महिलाएं अपने यौन शोषण की घटनाएं खुलकर सामने ला रही हैं। इस अभियान के तहत सिनेमा, साहित्य और पत्रकारिता जगत के कई लोकप्रिय शख़्सियतों पर यौन शोषण का आरोप लग चुका है। इसी कड़ी में एक नया नाम सामने आया है। यह नाम है मशहूर लेखक सुहेल सेठ का। एक युवती ने सुहेल सेठ पर यौन शोषण और अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगाया है।
पत्रिका की ख़बर के अनुसार अनिशा शर्मा नाम की महिला का कहना है कि 17 साल की उम्र में वह सुहेल सेठ को ट्विटर पर फॉलो किया करती थी। एक दिन उन्होंने सुहेल को लैंड कॉफी शॉप में देखा था और यह बात बताने के लिए सुहेल को ट्वीट किया। क्योंकि अनिशा खुद सुहेल की बड़ी फैन थी।
इस बात का जवाब देते हुए सुहेल सेठ ने उन्हें डायरेक्ट मैसेज किया। इस मैसेज में लिखा था कि ‘मुझे सामने आना चाहिए था।’ अनिशा ने आगे लिखा कि उसी दिन वह अपने माता-पिता के साथ खाने की टेबल पर बैठी थी तभी सुहेल का मैसेज आया, जिसमें सुहेल ने अनिशा को उनके कमरे में शराब पीने का ऑफर दिया था और मैसेज के आखिर में किस का प्रस्ताव भेजा था।
अनिशा का कहना है कि यह मैसेज़ देखकर वह डर गईं और मैसेज़ का कोई जवाब न देकर सुहेल सेठ को ब्लॉक कर दिया।
वहीं दूसरी तरफ़ सुहेल सेठ ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को ग़लत और निराधार कहा है। सुहेल ने कहा जिस समय यह घटना हुई, मैं उस समय देश में नहीं था। सबूत के रूप में उन्होंने पासपोर्ट पर स्टैम्प होने की बात भी कही। सुहेल ने कहा आरोप लगाने वाली महिला उनके लिए बिल्कुल अज़नबी है और आरोपों पर वह क्या प्रतिक्रिया दें उन्हें समझ नहीं आ रहा है।