देश की अर्थव्यवस्था का दर्द: डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 74.27 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा
बीते कुछ दिनों से डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया लगातार अपनी क़ीमत खोता जा रहा है।
विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये ने मंगलवार को समूचा शुरुआती लाभ गंवा दिया और दोपहर के कारोबार में यह डॉलर के मुकाबले 21 पैसे के नुकसान के साथ 74.27 के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर कारोबार कर रहा था।
ब्रेंट क्रूड के 84 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार करने और अन्य मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती से यहां रुपया नीचे आया।
मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 73.93 पर खुलने के बाद 73.88तक मजबूत हुआ। हालांकि, बाद में यह नीचे आया। दोपहर के कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 21 पैसे टूटकर 74.27 के स्तर पर आ गया। सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 74.06 के स्तर पर पहुंच गया था।
इससे पहले पांच अक्टूबर को दिन में कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया 74.23 के अपने सर्वकालिक निचले स्तर तक गया था।