भाजपा सांसद की दादागीरी, आईडी मांगने पर कर दी टोल कर्मियों की पिटाई
मार-पीट का पूरा घटनाक्रम टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
मध्यप्रदेश में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद नंद कुमार सिंह चौहान ने सरेआम टोल कर्मियों के साथ बदसलूकी की। जनसत्ता की रिपोर्ट के अनुसार बीते 5 अक्टूबर को शिवपुरी टोल प्लाजा पर जब सांसद नंद कुमार से पहचान पत्र मांगी गई तो उन्होंने अपने समर्थकों के साथ मिलकर वहां मौजूद टोल कर्मचारियों की पिटाई कर दी। मार-पीट का पूरा घटनाक्रम टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
हालांकि सांसद ने इस घटना में खुद के शामिल होने की बात से इनकार किया है। टोल प्लाजा के एक कर्मचारी ने बताया कि जिन लोगों ने हमारे कर्मचारियों के साथ मार-पिटाई और धक्का-मुक्की की हम उन लोगों को नहीं जानते थे। लेकिन, बाद में पता चला कि हमलावरों में से एक सांसद भी था। आईडी मांगे जाने पर उन्होंने आईडी दिखाने से मना किया और बाद में मार-पिटाई की।