राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में जा सकती है भाजपा की सरकार, सर्वे में कांग्रेस को भारी बढ़त
एबीपी-सी वोटर की सर्वे में कहा गया है कि कांग्रेस इन तीनों राज्यों में अपने दम पर बहुमत वाली सरकार बना सकती है।
इस साल के अंत तक देश के पांच राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने हैं। अगर अब तक के सर्वे के रूझानों को देखें तो इनमें से कम से कम तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ सकता है। इन तीन राज्यों में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान का नाम शामिल है। इन तीनों राज्यों में फिलहाल भाजपा की सरकार है।
हाल ही में किए गए एबीपी-सी वोटर के सर्वे से पता चल रहा है कि कांग्रेस इन सभी राज्यों में धमाकेदार प्रदर्शन करने जा रही है। सर्वे में कहा गया है कि कांग्रेस इन सभी राज्यों में अपने दम पर सरकार बनाने की स्थिति में दिख रही है।
जनसत्ता की ख़बर के मुताबिक एबीपी सी वोटर ओपिनियन पोल 2018 की सर्वे में कहा गया कि कांग्रेस राजस्थान की 200 सदस्यों वाली विधानसभा में कुल 142 सीटें जीत सकती है। जबकि यहां सत्तारूढ़ भाजपा को मात्र 56 सीटें मिलने का अनुमान है।
छत्तीसगढ़ के संबंध में सर्वे का कहना है कि 90 सदस्यों वाली इस विधानसभा में कांग्रेस को कुल 47 सीटें मिलेंगी। यहां बीते 15 साल से शासन कर रहे रमन सिंह की सरकार को मात्र 40 सीटें मिलने का अनुमान है।
230 सीटों वाले मध्यप्रदेश विधानसभा में कांग्रेस को 122 और भाजपा को 108 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है। यहां कांग्रेस पिछले 15 सालों से विपक्ष की भूमिका निभा रही है।
जनसत्ता के मुताबिक यह सर्वे 1 से 30 सितंबर के बीच किया गया है। इसे राजस्थान के 7797, छत्तीसगढ़ के 9906 और मध्यप्रदेश के 8493 वोटरों की राय के आधार पर तैयार किया गया है।