सोनीपत में झूठी शान के नाम पर किशोरी की हत्या, प्रेम प्रसंग का मामला
पुलिस ने भादंसं की धारा 302 और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोनीपत, जिले के बड़ौली गांव में बृहस्पतिवार की शाम कथित तौर पर झूठी शान के नाम पर एक किशोरी की हत्या कर दी गई और शव को जला दिया गया।
पुलिस ने भादंसं की धारा 302 और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। लड़की कक्षा नौ की छात्रा थी।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र ने कहा कि पुलिस को खेवड़ा निवासी रोहताश नाम के व्यक्ति ने शिकायत दी कि बड़ौली गांव की एक लड़की का उसके बेटे के साथ प्रेम प्रसंग था और अब लड़की की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है।
उन्होंने बताया कि रोहताश ने शक जताते हुए कहा कि प्रेम प्रसंग के चलते लड़की की हत्या की गई है।
पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि बड़ौली निवासी पवन, सोनिया, राजकुमार, सत्ते, काला और करमचन्द के खिलाफ भादंसं की धारा 302 और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और दोषी पाए पाए जाने वालों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।