हमारी मांगे पूरी नहीं हुई तो 2019 के चुनावों में किसान केंद्र सरकार को सबक सिखाएंगे – टिकैत
राकेश टिकैत ने कहा, हमारा लक्ष्य सरकार का ध्यान किसान समस्याओं की तरफ आकर्षित करना था।
बुधवार को किसान विरोध मार्च खत्म करने के बाद भारतीय किसान संघ के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि उनका संगठन तब तक आंदोलन जारी रखेगा जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं हो जाती। और अगर ऐसा नहीं होगा तो 2019 के चुनावों में किसान केंद्र सरकार को सबक सिखाएंगे।
मध्यरात्रि को पुलिस से राजधानी में प्रवेश की अनुमति पाने के बाद हज़ारों किसान कृषि नेता और पूर्व प्रधानमंत्री चरण सिंह के स्मारक किसान घाट पहुंचे। किसानों की मांग में ऋण में छूट, चीनी मिलों द्वारा बकाया राशि, फसलों के उचित दाम सहित खेतों के लिए मुफ्त बिजली इत्यादि शर्तें शामिल हैं।
राकेश टिकैत ने कहा, “हमारा लक्ष्य सरकार का ध्यान किसान समस्याओं की तरफ आकर्षित करना था। 23 सितंबर को हरिद्वार से शुरू हुई किसान क्रांति यात्रा का लोगों ने स्वागत किया। लेकिन दिल्ली पुलिस ने गाज़ियाबाद सीमा पर शांतिपूर्ण विरोध मार्च को रोक दिया।”
उन्होंने पुलिस पर किसानों के ख़िलाफ़ क्रूरता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह दिन महात्मा गांधी की जयंती का दिन था और लाठी प्रहार से मासूम किसान चोटिल हुए।
तिकैत ने बताया केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री गजेंद्र सिंह ने कृषि नेताओं के साथ मंच साझा किया और आश्वासन दिया कि सात मांगें पूरी की जाएंगी। जनता दल (यूनाइटेड) के महासचिव के.सी. त्यागी ने दिल्ली जाने के दौरान किसानों के साथ बातचीत नहीं करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आलोचना की।
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित