मोदी सरकार के पास सारी शक्तियां होने के बावजूद अनुबंध एचएएल को नहीं दिया, क्यों? – कर्नाटक मुख्यमंत्री कुमारस्वामी
राफेल घोटाले को लेकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने निर्मला सीतारमण के कांग्रेस पर दोषारोपण को लेकर रोष जताया
जहां एक तरफ राफेल सौदे में हुए घोटाले को लेकर हल्ला मचा है और फिर फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ओलांद के बयान के बाद ख़ुद को देश का ‘प्रधान सेवक’ कहने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इतने बड़े घोटाले के कर्ता-धर्ता बने हुए मालूम पड़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भाजपा का आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला ख़त्म नहीं हो रहा है। हमारे देश की ‘रक्षा मंत्री’ निर्मला सीतारमण भी अपना दामन साफ़ करने के लिए अब कांग्रेस पर निशाना साधने में लगी हुई हैं।
इसी कड़ी में इस तरह के प्रत्यारोपों के ख़िलाफ़ बात करते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने कहा, “निर्मला सीतारमण एचएएल को कॉन्ट्रैक्ट नहीं देने का इलज़ाम कांग्रेस पर लगा रही है, तो ऐसे फैसले यह सरकार क्यों ले रही है?”
कुमारस्वामी ने सीतारमण और भाजपा के दोषारोपण पर निशाना साधते हुए कहा, “उनके पास सारी शक्तियां हैं, वे इस अनुबंध को एचएएल को दे सकते थे और एचएएल के हितों संरक्षित कर सकते थे। क्यों नहीं किया उन्होंने ऐसा?”
गौरतलब है कि फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ओलांद के बयान के बाद से सभी विपक्षी दल मोदी और भाजपा को घेर रही है और भाजपा कांग्रेस पर ठीकरा फोड़ कर मामले से अपना पल्ला झाड़ने में लगी हुई है।