चोरी-छुपे पीछे के रास्ते सरकार में आए लोग ही हाथ जोड़कर विनती कर सकते हैं अपराधियों के सामने: लालू प्रसाद यादव
भाजपा नेता सुशील मोदी ने अपराधियों से आग्रह किया था कि कम से कम पितृपक्ष के दौरान तो अपराध न करें।
कानून व्यवस्था के मामले में फेल बिहार सरकार अब अपराधियों के सामने गिड़गिड़ाने लगी है। भाजपा नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने अपराधियों से विनती करते हुए कहा है कि कम से कम पितृपक्ष के दिनों में अपराध न करें।
भाजपा नेता के इस बयान पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने तंज कसते हुए कहा कि पीछे के रास्ते सत्ता में आए लोगों के पास आत्मविश्वास की कमी है, इसीलिए ये लोग अपराधियों के सामने गिड़गिड़ा रहे हैं।लालू यादव ने कहा कि अपराधियों के सामने गिड़गिड़ाने से पहले इन्हें शर्म करना चाहिए।
हाथ-गोड़ कुछउ जोड़, अपराधियों के चरण धोकर उनका चरणामृत भी पी लों…अरे शर्म करों…
क्रिमिनल्स के आगे मिमियाने और गिड़गिड़ाने से नहीं, शासन रौब से चलता है।
तोहार लोगन के इक़बाल ख़त्म बा…चोर दरवाज़े से राज-काज में घुसल है ना, सो दुनो में नैतिक बल अउर आत्मविश्वास की कमी रहल.. pic.twitter.com/YEPbhYwr6n
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) September 25, 2018
गौरतलब है कि गया में पितृपक्ष मेले के दौरान भाजपा नेता सुशील मोदी ने अपराधियों से विनती की थी। ईनाडु इंडिया की ख़बर के मुताबिक उन्होंने अपने भाषण के दौरान हाथ जोड़कर अपराधियों से कहा था कि रोज तो आप लोग अपराध करते ही हैं कम से कम पितृपक्ष के दौरान तो रूक जाइए।
इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में सुशील मोदी की जमकर आलोचना की गई। हालांकि भाजपा नेता की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।