तेल की कीमतों में लगातार जारी है बढ़ोतरी, 20 पैसे बढ़ने के बाद मुंबई में 90 का हो जाएगा पेट्रोल
इस साल 1 जनवरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 15.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि बदस्तूर जारी है। शनिवार को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत ₹82.44 प्रति लीटर रही जबकि डीजल को ₹ 73.87 प्रति लीटर की दर से बेचा गया।
मुंबई में मात्र 20 पैसे की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल की कीमत 90 रुपए प्रति लीटर हो जाएगी। एनडीटीवी की ख़बर के अनुसार मुंबई में शनिवार को पेट्रोल की कीमत 78.42 रुपए प्रति लीटर दर्ज की गई।
गौरतलब है कि इस साल 1 जनवरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 15.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। यहां जनवरी में पेट्रोल की कीमत 69.97 रुपए थी। वही डीज़ल की कीमत में 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
विपक्ष तेल की बढ़ रही कीमतों पर लगातार सरकार को घेर रही है। कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी देश की जनता की समस्याओं को दूर करने में फेल है। उनके मुताबिक भाजपा का उद्देश्य जाम, कुव्यवस्था और देश को तोड़ना है।
अपने ट्वीट में रणदीप सुरजेवाला ने कहा था कि पेट्रोल की बढ़ रही कीमतों, देश में महँगाई, रुपए का कमज़ोर होना और राफेल विमान सौदे में घोटाले के बाद जगज़ाहिर है कि भाजपा जनता की समस्याओं से बिल्कुल अंजान है।