लोकतांत्रिक रूप से चुने विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है भाजपा: जेडी(एस)
जेडी (एस) ने विधानसभा अध्यक्ष के पास अर्जी दी है कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए उसके और गठबंधन सहयोगी कांग्रेस के विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है।
कर्नाटक विधानसभा में चल रहा राजनीतिक गतिरोध थमने का नाम नहीं ले रहा। मुख्यमंत्री और जेडी (एस) नेता एचडी कुमारस्वामी ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह जेडीएस के विधायकों की खरीद फरोख्त कर रही है। इधर भाजपा ने भी मुख्यमंत्री कुमारस्वामी पर कार्रवाई करने की मांग की है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने कहा था कि देवगौड़ा परिवार के बारे में अगर अनाप शनाप बयान दिया तो वह भगवा पार्टी के खिलाफ लोगों को भड़काएंगे। इस पर भाजपा ने मुख्यमंत्री के ऊपर राजद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
दोनों पार्टियों की तरफ से चल रहे इस आरोप-प्रत्यारोप के बीच जेडी (एस) ने विधानसभा अध्यक्ष के पास अर्जी दी है कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए उसके और गठबंधन सहयोगी कांग्रेस के विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है।
जेडी (एस) ने विधानसभा अध्यक्ष से मांग की है कि भाजपा के जो विधायक इस खरीद फरोख्त में शामिल हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
भाजपा ने राज्यपाल के पास अपनी अर्जी दी है। पार्टी ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने संवैधानिक पद पर होते हुए बीजेपी के खिलाफ विद्रोह की बात कही है, जिसके लिए उनपर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
भाजपा ने प्रदेश के डीजीपी से मांग की है कि मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के खिलाफ राजद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाए। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री कुमारस्वामी और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के खिलाफ़ जमकर नारेबाजी की।
भाजपा द्वारा विधायकों की खरीद फरोख्त की खबरों पर मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने कहा था कि अगर भाजपा उन पर या उनके परिवार के खिलाफ बयान देती है, तो वे लोगों को भगवा पार्टी के खिलाफ भड़काएंगे।
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित