अपना निकम्मापन छुपाने के लिए भाजपा ने मढ़ दिया बलात्कारों का दोष बेरोज़गारों पर, कहा – बेरोज़गार युवकों की वजह से बढ़ रहा है बलात्कार
हरियाणा के उचना कलां से भाजपा विधायक प्रेमलता ने कहा कि जिन युवाओं के पास रोज़गार नहीं होते हैं, वे निराश होकर बलात्कार जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
एक तो भाजपा की सरकार में युवा बेरोज़गारी की मार भीषणता से झेल रहे हैं ऊपर से सत्तारुढ़ दल उन्हें ही चरित्रहीन साबित करने में लगी है। जहां रेवाड़ी में हुए गैंगरेप से पूरा देश स्तब्ध है वहीं हरियाणा में भाजपा विधायक प्रेमलता इस पर एक ओछा बयान दे गयीं। पत्रिका के अनुसार उचना कलां की इस भाजपा विधायक ने कहा कि बेरोज़गारी की वजह से रेप की घटनाएँ घटती हैं। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं के पास रोज़गार नहीं होता है वे निराश होकर बलात्कार जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
अब भाजपा विधायक जिस रोज़गार की बात बलात्कार से जोड़ रही है वो केंद्र और राज्य के भाजपा सरकार पर ही सवाल खड़े कर देते हैं। लोगों का अब सवाल यह है कि अगर बेरोज़गारी ही बलात्कार की वजह है तो रोज़गार देना तो सरकार का ही काम है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा, “प्रदेश में जिस प्रकार बेटियों की इज्ज़त लूटी जा रही है और अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय सत्ताधारी पार्टी की विधायक इस प्रकार का ब्यान दे रहीं हैं, जो कि बहुत शर्मनाक है।”
वहीं प्रेमलाता के इस बयान पर पार्टी के तरफ से कोई प्रतिक्रिया अब तक नहीं आई है।
गौरतलब है कि गुरुवार को हरियाणा के रेवाड़ी में एक 19 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करने से शुरू में इनकार किया था परिणामस्वरूप मामले के तीन आरोपी अब तक फरार हैं।