19 वर्षीय लड़की के सामूहिक बलात्कार के प्रकरण में पुलिस ने किया कार्रवाई करने से इनकार, माँ ने पूछा मोदी से – क्या यही है आपका बेटी बचाओ?
ज़ीरो एफआईआर के बावजूद पुलिस अपने क्षेत्र का प्रकरण नहीं कह कर घुमा रही है पीड़िता और उसके परिवार को
ताज्जुब की ही बात है कि एक तरफ महिला सुरक्षा को लेकर इतने बड़े बड़े वादे और जुमले जनता के सामने पेश किये जाते हैं और दूसरी ही तरफ न्याय तो दूर की बात, बलात्कार जैसे संगीन मामलों में शुरूआती कार्रवाई के लिए भी पीड़ितों को दर-दर भटकना पड़ता है। देश में 4 साल पहले मोदी सरकार के कई जुमलों में एक था महिला सुरक्षा का जुमला। लेकिन महिला सुरक्षा के मामले में हालात बद से बदतर होते नज़र आ रहे हैं।
ताज़ा मामला में हरियाणा के महेंद्रगढ़ ज़िले में एक 19 साल की लड़की के साथ अपहरण करके गैंगरेप किया गया। एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता सुबह घर से कोंचिंग के लिए निकली थी। पास के बस अड्डे के समीप उसे 3 युवक मिले जिन्होंने पीड़िता को लिफ़्ट देकर पानी पीने को दिया जिसमें नशीला पदार्थ मिलाया गया था। चूंकि पीड़िता उन लड़कों जानती थी तो वह गाड़ी में बैठ गई।
कहा जा रहे है कि आरोपी पंकज, मनीष और नीसु ने पीड़िता का अपहरण कर झज्जर ज़िले की सीमा पर खेतों में बने एक कुएं के पास ले जाकर वहाँ पहले से ही मौजूद कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर नशे की हालत में उसके साथ बलात्कार किया और शाम 4 बजे के करीब उसे कनीना बस अड्डे में बेहोशी की हालात में फेंक दिया।
पीड़िता की मां ने कहा कि उन्हीं युवकों में से किसी एक ने पीडिता की ख़बर उन्हें दी। पीड़िता की मां ने यह आरोप लगाया है कि उन लड़कों ने पीड़िता को इस बारे में किसी को भी बताने पर जान से मार देने की धमकी दी है। इस मामले में 12 लोगों के ख़िलाफ़ सामूहिक बलात्कार का आरोप है।
घटना की जानकारी जब पुलिस को दी गई तो रेवाड़ी महिला पुलिस थाने में ज़ीरो एफ.आई.आर दर्ज कर उन्हें कनीना महेंद्रगढ़ थाने भेज दिया गया। और इतने संगीन अपराध के मामले में कनीना थाने से पीड़िता के परिवार को यह कहकर लौटा दिया गया कि यह मामला उनकी सीमा क्षेत्र से बाहर हुआ है। एक विडियो में पीड़िता की माँ ने प्रशासन के इस रवैय्ये से आक्रोशित होकर मोदी से पुछा, “मेरी बेटी के साथ बलात्कार किया गया है। मोदी जी कहते हैं ‘बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ’, कैसे पढ़ाएं? मेरी बेटी को न्याय दिलाओ।” पीड़िता का परिवार अब न्याय के लिए इधर-उधर भटक रहा है और उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है।
Rewari: Woman alleges her daughter was kidnapped & gang-raped by a group of men yesterday, says, "Modi ji says 'Beti Padho, Beti Bacho', but how? I want justice for my daughter. Police has taken no action yet." pic.twitter.com/L6WsT4F6Gl
— ANI (@ANI) September 14, 2018