दलित छात्र की अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या, परिवार ने किया हाईवे पर प्रदर्शन
परिवार वालों ने शव को हाईवे पर रखकर आरोपियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
मुज़फ्फरनगर के मंडला गांव में कुछ अज्ञात हमलावरों ने एक दलित मेडिकल छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी रिज़वान अहमद ने बताया कि मृतक राजस्थान कॉलेज में मेडिकल कोर्स के द्वितीय वर्ष का छात्र था।
सोमवार की शाम वह कॉलेज से अपने गांव वापस लौट रहा था तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। हत्या की ख़बर मिलने के बाद मृतक के परिवार वालों ने शव को हाईवे पर रखकर आरोपियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
सी.ओ ने कहा कि परिवार को शांत करके शरीर को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात हमलावरों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज करके जांच की जा रही है। इस घटना के बाद हुए प्रदर्शन के पश्चात पुलिस ने किसी अन्य बड़ी घटना को रोकने के लिए भी क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम कर दिए हैं।
पीटीआई के इनपुट से