May a good source be with you.

भाजपा ने विवादित ‘लड़कियों का अपहरण’ बयान के लिए विधायक राम कदम के ख़िलाफ़ कार्रवाई से किया इंकार

सोमवार को दही-हांडी के उत्सव में राम कदम ने ‘लड़कियों के अपहरण’ का समर्थन में टिप्पणी दी थी

शुक्रवार को भाजपा विधायक राम कदम के ‘लड़कियों का अपहरण’ बयान का बचाव करते हुए भाजपा मंत्रियों ने कहा कि इस मुद्दे को क़दम के माफ़ी माँगने के साथ समाप्त कर देना चाहिए।

महाराष्ट्र राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने एक समाचार चैनल को बताया कि क़दम के निर्वाचन क्षेत्र में हज़ारों महिलाएँ उनको राखी बांधती है और साथ ही कहा कि जनता के प्रतिनिधियों को बोलते हुए बेहद सतर्क रहना चाहिए और बोलने से पहले वाक्यों को सही तरीके से फ्रेम करना चाहिए। पाटिल ने कहा क़ि राम कदम घमंडी नहीं है और उन्होंने माफ़ी मांग ली है इसलिए इस मामले को खत्म कर देना चाहिए।

भाजपा नेता और महिला एवं बाल विकास मंत्री पंकजा मुंडे का कहना है कि कदम की टिप्पणी से लोगों को ग़लत संदेश मिला। उनके माफ़ी मांगाने से पता चलता है कि उन्होंने अपनी गलती को महसूस कर लिया है।

ज्ञात हो कि, सोमवार को दही-हांडी के उत्सव में राम कदम ने टिप्पणी दी जिसमें कहा था कि लड़का लड़की का अपहरण करके ले आए और माता-पिता की मंजूरी से विवाह कर ले, जिसमें वो लड़के की पूरी मदद करेंगे। हालांकि टिप्पणी देने के दो दिन बाद जब मामला गरमा गया तो राम कदम ने माफ़ी मांग ली।

विपक्ष ने उनकी निंदा करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से क़दम के खिलाफ कार्यवाही की माँग की है।

महिला आयोग ने भी राम क़दम को नोटिस भेजा है और टिप्पणी पर स्पष्टीकरण मांगा है। शिवसेना के मुखपत्र सामाना में शुक्रवार को छपे एक लेख में क़दम की तुलना अलाउद्दीन खिलजी से की गई।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+