May a good source be with you.

पटना स्थित आसरा आश्रय गृह की एक और लड़की की मौत, दो अन्य लापता

इससे पहले अगस्त माह में यहां रहने वाली दो महिलाओं को बीमार पड़ने के बाद पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लाया गया था, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया था

मुज़फ़्फ़रपुर मामले की आंच अभी थमी भी नहीं थी की पटना के आश्रय गृह का एक और मामला सामने आया है। मानसिक रूप से अशक्त महिलाओं के लिए यहां स्थित एक आश्रय गृह से दो महिलाएं लापता हो गई हैं। इसमें रहने वाली दो महिलाओं की मौत होने को लेकर यह आसरा गृह हाल ही में खबरों में रहा था। पुलिस ने आज यह जानकारी दी।
आश्रय गृह की एक लड़की को मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, शुक्रवार को देर शाम उसकी भी मौत हो गई। इसके अलावा आश्रय गृह की दो महिलाओं के गायब होने की बात भी सामने आई है। राजीव नगर पुलिस थाना प्रभारी रोहन कुमार ने कहा, ‘‘दो महिलाएं जिनकी उम्र 30 से कम है, कल लापता हो गईं। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से पहले आश्रय गृह ने कुछ घंटे महिलाओं की तालाश की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम आश्रय गृह के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि दोनों महिलाएं कब बाहर निकलीं।’’
राजीव नगर पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित आसरा गृह अगस्त महीने में उस वक्त चर्चा में आया था जब इसमें रहने वाली दो महिलाओं को बीमार पड़ने के बाद पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) लाया गया था, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया था। पुलिस उपाधीक्षक (कानून व्यवस्था, पटना) मनोज कुमार सुधांशु ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+