छत्तीसगढ़ में बिजली कंपनी पर धोखे से किसानों की ज़मीन हड़पने का आरोप
किसानों का आरोप- हाइवे किनारे की साढ़े चार एकड़ ज़मीन के बदले थमाए मात्र 18 हज़ार रुपए
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में बिजली कंपनी द्वारा किसानों की सैंकड़ों एकड़ ज़मीन को औने-पौने दामों में हड़पने का मामला सामने आया है।
हिन्द किसान की रिपोर्ट के मुताबिक बिजली कंपनी ‘एस्सार पॉवर लिमिटेड’ मनमाने तरीके से किसानों की ज़मीनों पर बिजली के टॉवर और हाईटेंशन तार लगवा रही है लेकिन मुआवज़े के नाम पर उन्हें औने-पौने दाम ही दिए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि कंपनी वालों ने पहले अच्छे मुआवज़े का लालच देकर किसानों से उनकी ज़मीने ले ली, मगर अब मुआवज़ा मांगने पर डांट-डपट कर भगा देते हैं। विरोध करने पर पुलिस के ज़रिये किसानों को डराया जा रहा है। मामले में पुलिस और प्रशासन की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए किसानों ने ज़िला अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। साथ ही जल्द उचित मुआवज़ा ना मिलने पर शासन और बिजली कंपनी के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी है। वहीं तहसीलदार का कहना है की इन सभी का मुआवज़ा कंपनी ने दे दिया है जबकि गांव के कई लोग छह हज़ार रुपए मुआवज़े की रकम का चेक दिखा रहे हैं।