प्रधानमंत्री ने किया केरल का हवाई दौरा, 500 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने का किया एलान
324 से ज़्यादा लोगों के अब तक मरने की सूचना
केंद्र सरकार ने केरल को 500 करोड़ रुपये की राहत राशि देने का एलान किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों को 2 लाख और गंभीर रूप से घायल लोगों को 50,000 रुपये की राशि दी जाएगी। इससे पहले 12 अगस्त को गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने 100 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी।
प्रधानमंत्री ने केरल के कोच्चि में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा किया। खराब मौसम के चलते उनका विमान देरी से उड़ान भर सका।
केरल इन दिनों पिछले 100 सालों में सबसे भयावह बाढ़ से जूझ रहा है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक 324 लोगों के मरने और 100 से अधिक के घायल होने की सूचना है। तीन लाख से ज़्यादा लोगों ने राहत शिविरों में शरण लिया है।
राज्य के 14 में से 12 ज़िलों में रेड अलर्ट है। मौसम विभाग ने आज भी बारिश के आसार जताए हैं, जिससे हालात और बिगड़ने के आसार हैं। इडुक्की और एर्नाकुलम राज्य के बाकी हिस्से से पूरी तरह कट गए हैं। हज़ारों किलोमीटर सड़कें बह गई हैं। सेना, एयरफोर्स, नेवी, एनडीआरएफ की टीमें युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्यों में लगी हुईं हैं।
गौरतलब है कि अब तक केरल के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को जानकारी देते हुए बताया कि बाढ़ में अब तक करीब 19,512 करोड़ का नुक्सान हो चुका है और पानी का स्तर उतर जाने के बाद अंतिम आंकड़ों का अंदाज़ा लग सकेगा। इस संकट से केरल को उबरने से मदद करने के लिए कई राज्य सामने आये हैं। दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के अनुसार तेलंगाना सरकार ने 25 करोड़ की एवं महाराष्ट सरकार ने 20 करोड़ की सहायता का एलान किया है। वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, बिहार, गुजरात एवं आंध्र प्रदेश की सरकारों ने 10-10 करोड़ की सहायता का एलान किया है। ओडिशा एवं झारखण्ड की सरकारों ने 5-5 करोड़ की सहायता राशि का एलान किया है। वहीं स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया ने 2 करोड़ की सहायता की है।
इसके अलावा यूएई ने भी केरल में बाढ़ पीड़ितों की मदद करने का एलान किया है। गौरतलब है कि अरेबियन बिज़नस की एक रिपोर्ट के अनुसार यूएई के राष्ट्रपति ने केरल के बाढ़ पीड़ितों की मदद करने के लिए एक राष्ट्रीय आपातकाल समिति का गठन किया है।
केरल के लोगों के जीवन को फिर से पटरी पर लाने के लिए देश के सभी लोगों से आग्रह है कि अपनी क्षमतानुसार राहत कोष में योगदान दें। https://donation.cmdrf.kerala.gov.in/ पर जाकर आप ऑनलाइन अपना योगदान दे सकते हैं अथवा ट्विटर पर बताये गए बैंक खाते में अपनी योगदान राशि जमा कर सकते हैं।
Here's how you can help those affected by the unprecedented floods in Kerala. Now you can make donations online to Chief Minister's Distress Relief Fund through the site, https://t.co/OFHTHlZ9by #KeralaFloods #StandWithKerala. pic.twitter.com/XNlBKqdCUT
— CMO Kerala (@CMOKerala) August 14, 2018