पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे स्वामी अग्निवेश पर फिर से हमला
स्वामी अग्निवेश के पीछे ‘गद्दार’ चिल्लाती भीड़ ने बोला हमला, इससे पहले झारखंड में हुए हमले में कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं का नाम आया था सामने
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने दिल्ली के भाजपा मुख्यालय पहुंचे 79 वर्षीय सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश के साथ एक बार फिर मारपीट का मामला सामने आया है। कुछ समय पहले झारखंड में भी तथाकथित भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ ने उन पर हमला किया था।
भाजपा मुख्यालय के ठीक बाहर हुई यह घटना कैमरे में भी क़ैद हुई है। मोबाइल से बनाये गए एक वीडियो में स्वामी अग्निवेश के पीछे ‘गद्दार’ चिल्लाती हुई भीड़ बढ़ती नज़र आयी। इसके बाद उन्हें धक्का देकर उनकी पगड़ी उतार दी गयी। वीडियो में हाथों में चप्पल पकड़े, उन्हें मारने को तैयार खड़ी एक महिला भी नज़र आयी। पुलिस द्वारा उन्हें भीड़ से बचा कर ले जाते समय भी लोग उनके पीछे लगे थे।
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार स्वामी अग्निवेश ने बताया, “मैं वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने गया था, तभी भीड़ के एक हिस्से ने मुझ पर हमला कर दिया। हम केवल दो-तीन लोग ही थे, जबकि हमलावर अच्छी-खासी मात्रा में थे। उन्होंने हमें बुरी तरह पीटा, गालियां दी और मेरी पगड़ी भी उतार दी। वे गद्दार, गद्दार चिल्लाते हुए मुझे मारने पर तुले थे।”
गौरतलब है कि इससे पहले 17 जुलाई को झारखंड के ‘पाकुर‘ में उन पर हुए हमले में भी अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अग्निवेश ने आरोप लगाया था की उन पर हमला करने वाले लोग भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता थे। हालांकि झारखंड भाजपा ने इस मामले में पार्टी के कार्यकर्ताओं का हाथ होने से इनकार कर दिया था।