मोदी को घेरने दिल्ली पहुंच रहे हैं देश के किसान, सेना के जवान और मज़दूर, 9 दिनों तक चलेगा विरोध प्रदर्शन
इस धरने का उद्देश्य 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले वास्तविक मुद्दों को उजागर करना है.
अखिल भारतीय किसान सभा, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक संघ और युवा भारतीय संगठन समेत कई संगठन आगामी 30 जनवरी से 7 फरवरी तक जंतर-मंतर पर 9 दिनों तक धरना प्रदर्शन करेंगे.
जय जवान, जय किसान, जय संविधान नामक इस धरना प्रदर्शन का उद्देश्य आगामी लोकसभा चुनाव से पहले वास्तविक मुद्दों को उजागर करना है.
अखिल भारतीय किसान सभा द्वारा जारी बयान में कहा गया कि किसानों, मजदूरों, दलितों, युवाओं, महिलाओं, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों और समाज के आम लोग जो देश को बनाते हैं, उनके मुद्दे को राजनीतिक बयानबाजी की आड़ में अनदेखी की जा रही है.
पिछले साल नवंबर में, एआईकेएस ने राजधानी दिल्ली में किसानों की रैली का नेतृत्व किया था, जिसमें देश के हजारों किसान फसल की कीमतों और ऋण माफी की मांग को लेकर संसद मार्ग तक पहुंचे थे.
पीटीआई इनपुट्स के साथ