केरल में भारी बारिश बनी आफ़त, बाढ़ से अब तक 79 लोगों की मौत
राज्य में 94 सालों में अब तक की सबसे बड़ी बाढ़, राहत शिविरों में पहुंचे एक लाख लोग
केरल में बाढ़ की भीषण स्थिति बनी हुई है। पिछले दो हफ्तों से हो रही भारी बारिश से राज्य की सभी नदियां और बांध उफ़ान पर हैं। बिजली, पानी, रेल,रोड जैसी सभी ज़रूरी सुविधाएं बाधित पड़ी हैं। जगह-जगह सड़कें नदी का रूप ले चुकी हैं। कासरगोड़ ज़िले को छोड़ बाकी सभी ज़िलों के शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। परिसर में पानी भर जाने की वजह से कोच्चि के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को शनिवार तक के लिए बंद कर दिया गया है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक मरने वालों की संख्या 79 तक पहुंच चुकी है। बाढ़ से प्रभावित ज़िलों में राहत शिविर लगाए गए हैं। सरकार ने राज्य के सभी छोटे-बड़े बांधों को खोल दिया है। लोगों के घर-खेत, सभी पानी में पूरी तरह डूब चुके हैं।
इस बीच केरल सरकार नें सांस्कृतिक समारोहों के आयोजन के लिए राज्य को दी जाने वाली 30 करोड़ रुपये की राशि को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में दिए जाने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने लोगों से बाढ़ राहत कोष में मदद करने का आग्रह किया है। मौसम को लेकर अब तक राज्य के 12 ज़िलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।