घोषणावीर शिवराज! मध्यप्रदेश में लागू होने को तरस रही हैं 1300 घोषणाएं
शिवराज सिंह चौहान ने पिछले दस साल के कार्यकाल में विकास की 9,783 घोषणाएं थीं, इसमें 1,294 घोषणाएं अब भी लागू होने के इंतजार में हैं.
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 10 वर्षो के कार्यकाल में घोषणा की गईं योजनाओं में से अब भी लगभग 1,294 योजनाएं पूरी नहीं हुई हैं.
न्यूज़18 की ख़बर के अनुसार राज्य सरकार के जनसंपर्क विभाग की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि शिवराज सिंह चौहान ने पिछले दस साल के कार्यकाल में विकास की 9,783 घोषणाएं थीं, इसमें 1,294 घोषणाएं अब भी लागू होने के इंतजार में हैं.
न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने दिसम्बर 2013 से अक्टूबर 2015 तक 1,341 घोषणाएं कीं. इनमें से 779 घोषणाओं पर अभी भी शुरुआती कार्य ही हो रहा है.
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने इंदौर में वैश्विक निवेशक सम्मेलन में विभिन्न विभागों के संबंध में 54 घोषणाएं की थीं. इनमें से 2 घोषणाएं अब भी अधूरी हैं. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान योजनाओं की धड़ाधड़ घोषणा करने में देरी नहीं करते. हालांकि, उन्हें इन योजनाओं के पूरे होने का इल्म नहीं होता.