May a good source be with you.

मेघालय में अवैध कोयला खदान में 13 लोग फंसे, मारे जाने की आशंका

लोगों को बचाने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं.

मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में एक अवैध कोयला खदान में बाढ़ के कारण कम से कम 13 लोगों के फंसने और मारे जाने की आशंका है. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सेल्वेस्टर नोंगतिंगर ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह जिला अधिकारियों को इस घटना की सूचना दी गई और इसके बाद से लोगों को बचाने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं.

एसपी ने बताया,‘‘प्राप्त जानकारी के अनुसार सेइपुंग थाना क्षेत्र के कसान गांव में अवैध कोयला खदान के भीतर 13 लोग फंस गये है.’’

राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने मेघालय में 2014 से अवैज्ञानिक और असुरक्षित कोयला खदान पर प्रतिबंध लगाया हुआ है.

एसपी के अनुसार श्रमिक लगभग तीन दिन पहले इस खदान में काम कर रहे थे और पानी के अधिक बहने के कारण इन सब लोगों की मौत होने की आशंका है.

अवैध खनन करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। कोयले के अवैध खनन में शामिल अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

आपदा प्रबंधन मंत्री के.श्याला ने कहा,‘‘हम इस संबंध में जिला अधिकारियों से एक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं.’’

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+